September 16, 2026

विभिन्न उल्लंघनों पर नगर निगम की कार्रवाई, 132 चालान काटे

Faridabad/Alive News : नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों पर फरीदाबाद शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नगर निगम के नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में स्पेशल सैनिटेशन ऑफिसर एशवीर सिंह की देखरेख में विभिन्न मामलों में कुल 132 चालान किए गए।

कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग पर 45, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने पर 50, आग जलाने पर 32, डेयरी संचालन से जुड़े मामलों में 2, मीट शॉप पर 1 तथा अन्य उल्लंघनों (ओडी) के तहत 2 चालान काटे गए। इस प्रकार कुल 132 चालान किए गए।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता एवं पर्यावरण के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। निगम प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग न करें, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और नगर निगम के नियमों का पालन कर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें।