September 17, 2026

नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करने वाली इकाइयों को किया सील

Faridabad/Alive News : प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर इन दिनों नगर निगम काफी सख्त रुख अपनाए हुए है।नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करने वाली इकाइयों के खिलाफ सीलिंग की कार्यवाही करनी शुरू कर दी है। दरअसल, क्षेत्रीय एवं कराधान अधिकारियों ने एनआईटी जोन-1, ओल्ड फरीदाबाद जोन-1 और 2, बल्लभगढ़ जोन -1 और 2 में सीलिंग अभियान चलाकर 33 इकाइयों को सील किया। इस पर करीब 43 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है।

निगमायुक्त यशपाल यादव के निर्देश पर निगम ने संपत्ति कर के बकायेदारों पर शिकंजा कसते हुए बकाया संपत्ति कर की वसूली करने के लिए एनआईटी जोन-1 में 13 इकाइयों पर कार्रवाई की। इन पर 13,13,694 रुपये बकाया है। वहीं ओल्ड फरीदाबाद जोन-2 में 4 इकाइयों को सील किया गया। इन पर 15,91,197 लाख रुपये बकाया है। इसी प्रकार बल्लभगढ़ जोन-1 एवं 2 ने 16 इकाइयों पर कार्रवाई की गई। इस पर 13,40,335 लाख रुपये बकाया है। मिली जानकारी के अनुसार निगम प्रशासन बड़े डिफॉल्टरों पर सीलिंग की कार्रवाई जारी रखेगा। निगम आयुक्त ने करदाताओं से अपील की है कि अपने-अपने बकाये की अदायगी तुरंत करें ताकि निगम के राजस्व में बढ़ोतरी हो सके और शहर का विकास हो सके।