Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने संपत्ति कर जमा न करने वाले बकायादारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने सेक्टर-20ए स्थित पार्श्वनाथ मैनहैटन मॉल के 41 शॉपिंग सेंटरों को सील कर दिया। इन सभी यूनिट्स पर लगभग 93 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था।
यह कार्रवाई ओल्ड जोन-1 की क्षेत्रीय कर अधिकारी सृष्टि बब्बर के नेतृत्व में की गई। नगर निगम द्वारा पहले भी इन करदाताओं को बार-बार नोटिस जारी कर बकाया टैक्स जमा करने के लिए कहा गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद टैक्स का भुगतान नहीं किया गया।
बुधवार सुबह निगम की टीम ने मॉल में पहुंचकर एक-एक कर सभी 41 शॉपिंग सेंटरों को सील कर दिया। निगम के अधिकारियों ने बताया कि टैक्स वसूली अभियान केवल यहीं तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य जोनों में भी यह अभियान जारी है। अब तक लगभग 40 लाख रुपये की टैक्स रिकवरी की जा चुकी है।
एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा वसूला गया टैक्स शहर के विकास कार्यों में लगाया जाता है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों और निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में टैक्स वसूली को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
सरकार के निर्देशानुसार सभी क्षेत्रीय कर अधिकारियों को प्रॉपर्टी टैक्स वसूली के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी अधिकारी की कार्यप्रणाली में लापरवाही पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाएगी।