March 7, 2026

नगर निगम फरीदाबाद ने 18वें म्युनिसिपालिका सम्मेलन में लिया भाग

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद की स्वच्छता शाखा के अधिकारियों ने 25 से 27 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित 18वें म्युनिसिपालिका प्रदर्शनी एवं सम्मेलन में भाग लिया। इस अवसर पर महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने निगम अधिकारियों, पार्षदों एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ सम्मेलन में सहभागिता की।

सम्मेलन का मुख्य विषय “सुरक्षित, स्मार्ट एवं सतत शहर समाधान” रहा, जिसमें शहरी विकास एवं स्वच्छता प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर के साथ जॉइंट कमिश्नर असवीर सिंह (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) सहित अन्य अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

26 फरवरी को आयोजित तकनीकी सत्रों में प्रतिनिधिमंडल ने सक्रिय भागीदारी की। सत्रों में सर्कुलर इकोनॉमी, कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट, सैनिटेशन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट तथा रिसोर्स रिकवरी जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकों और प्रभावी मॉडलों पर प्रकाश डाला।

नगर निगम प्रशासन ने कहा कि इन सत्रों से प्राप्त अनुभवों और सुझावों को फरीदाबाद में लागू कर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक आधुनिक, प्रभावी और सुदृढ़ बनाया जाएगा। निगम स्वच्छ, स्वस्थ और सुव्यवस्थित शहर के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।