Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद के नगर आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने आज निगम कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष में टैक्स विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निगम क्षेत्र में संपत्ति कर की वसूली की वर्तमान स्थिति का आकलन करना और लंबित बकायादारों से शीघ्र वसूली के लिए रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक में आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन कालोनियों की सीमांकन प्रक्रिया (बाउंड्री डेमार्केशन) लंबित है, उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बाउंड्री क्लैरिटी से प्रॉपर्टी आईडी जनरेट करने में आ रही समस्याएं हल होंगी, जिससे नागरिक समय पर अपना टैक्स जमा कर सकेंगे।
इसके अलावा बैठक में लाल डोरा सर्टिफिकेट, सेल्फ सर्टिफिकेशन प्रक्रिया और टैक्स रिकवरी जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। निगम आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि करदाताओं की सूची को वार्डवार अपडेट किया जाए और नियमित फॉलोअप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वसूली कार्य समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से हो सके।
बैठक के दौरान टैक्स विभाग के अधिकारियों ने वसूली की वर्तमान प्रगति, राजस्व संग्रह में आ रही चुनौतियों और तकनीकी सहयोग की जरूरतों पर भी प्रकाश डाला।
आयुक्त खड़गटा ने पारदर्शी और उत्तरदायी कार्यशैली अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि करदाताओं को टैक्स भुगतान की प्रक्रिया में कोई परेशानी न हो और वे सुविधाजनक तरीके से समय पर कर जमा कर सकें।
बैठक में एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा समेत सभी क्षेत्रीय कर अधिकारी उपस्थित रहे।

