Faridabad/Alive News: हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की जिला शाखा फरीदाबाद द्वारा बाल भवन में आयोजित पांच दिवसीय बाल महोत्सव का समापन आज हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम आयुक्त डॉ. धीरेन्द्र खडगटा (भा.प्र.से.) रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अंशु सिंगला ने शिरकत की।
मुख्य अतिथि का स्वागत जिला बाल कल्याण अधिकारी पिंकी, कार्यक्रम अधिकारी अनिल मोरवाल, नोडल अधिकारी रविन्द्र कुमार मनचंदा और निर्णायक मंडल के सदस्यों ने बुके भेंट कर किया। बच्चों और अभिभावकों ने तालियों की गूंज से अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद डॉ. धीरेन्द्र खडगटा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में श्रीमती पिंकी ने बताया कि इस वर्ष बाल महोत्सव में चार वर्गों में कुल 46 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें जिले के 60 स्कूलों के लगभग 2900 छात्रों ने भाग लिया। जिला स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र अब मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे, और वहां से चयनित छात्र राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
उन्होंने बताया कि पोस्टर मेकिंग, स्केचिंग, थाली और कलश सजावट, दिया-कैंडल डेकोरेशन, कार्ड मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, रंगोली, हैंडराइटिंग (हिंदी/अंग्रेजी), डिक्लेमेशन, फैंसी ड्रेस, फन गेम्स और बेस्ट ड्रामेबाज जैसी प्रतियोगिताओं के जिला विजेता सीधे राज्य स्तर पर हिस्सा लेंगे। इन विजेताओं को बाल दिवस के अवसर पर नवंबर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में बच्चों ने शास्त्रीय नृत्य, लोकनृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. अंशु सिंगला ने कहा कि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ कला के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं, जो बहुत प्रेरणादायक है।
मुख्य अतिथि डॉ. धीरेन्द्र खडगटा ने कहा कि बाल मंच के माध्यम से बच्चे अपनी छिपी प्रतिभाओं को निखार रहे हैं। उन्होंने जिला बाल कल्याण परिषद, फरीदाबाद की टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था बच्चों को आगे बढ़ाने में उत्कृष्ट कार्य कर रही है।
आज की प्रतियोगिताओं में अब तक लगभग 60 स्कूलों के 2925 बच्चों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में अंशुल, मनीषा, मनोज कुमार, बोबी गुप्ता, सुनील नागर, संदीप यादव, एस.के. मिश्रा, रविकांत, सुखबीर सिंह दहिया, पहलाद, रेखा कादयान और वीणा थालोर शामिल रहे। कार्यक्रम में श्री ईश्वर भारद्वाज, अजय यादव और बाल भवन का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
यह बाल महोत्सव बच्चों की रचनात्मकता, उत्साह और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन रहा, जिसने सभी का दिल जीत लिया।

