Faridabad/Alive News: सेवा पखवाड़ा समारोह के तहत जिला एमएसएमई केंद्र (उद्योग), फरीदाबाद की ओर से गुरुवार को होटल सेंट्रल व्यू, सेक्टर-12 में जिला स्तरीय नीति प्रसार कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ संयुक्त निदेशक रामनदीप के निर्देशन में हुआ।
इस मौके पर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) से जुड़े उद्यमियों व हितधारकों को हरियाणा सरकार की वर्तमान एवं आगामी नीतियों तथा भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही विश्व बैंक समर्थित रैम्प कार्यक्रम और एमएसएमई वित्तपोषण के वैकल्पिक साधनों जैसे एसएमई एक्सचेंज आदि पर भी चर्चा की गई।
कार्यशाला का उद्देश्य जिले के उद्यमियों को सरकारी योजनाओं व नीतियों से अवगत कराना और उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए वित्तीय व तकनीकी सहायता उपलब्ध करवाना रहा। विशेषज्ञों ने इस दौरान उद्यमियों के सवालों के उत्तर दिए और योजनाओं का लाभ उठाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।
संयुक्त निदेशक रामनदीप ने कहा कि सरकार की मंशा है कि अधिक से अधिक उद्यमी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उद्योगों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं उद्यमियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होती हैं।
जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उद्यमियों ने इस कार्यशाला में भाग लिया और इसे अत्यंत लाभकारी बताया। इच्छुक उद्यमी भविष्य में जिला एमएसएमई कार्यालय (उद्योग), फरीदाबाद से संपर्क कर ऐसी कार्यशालाओं में भाग ले सकते हैं।

