June 6, 2026

डीएवी ज्ञान प्रकाश चोपड़ा पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया मातृ दिवस

Faridabad/Alive News: डी.ए.वी. ज्ञान प्रकाश चोपड़ा पब्लिक स्कूल, सेक्टर-49, फरीदाबाद में 8 मई 2026 को मातृ दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम में किंडरगार्टन विंग के विद्यार्थियों के अभिभावकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के शिक्षकों ने सभी अभिभावकों का स्वागत किया और बच्चों को माता-पिता का सम्मान करने की सीख दी। उन्होंने मां को बच्चों की पहली शिक्षिका बताते हुए उनके प्यार, त्याग और बलिदान के महत्व को समझाया।

मातृ दिवस के मौके पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गीत, कविता और नृत्य प्रस्तुत कर अपनी माताओं के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी अभिभावकों का दिल जीत लिया। यूकेजी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भावुक वीडियो ने भी सभी को भावुक कर दिया।

विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के लिए सुंदर और रंग-बिरंगे कार्ड बनाकर उन्हें विशेष महसूस कराया। कार्यक्रम में माताओं और बच्चों के लिए शिल्प गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसमें सभी ने मिलकर खुशी के पल बिताए।

इसके अलावा माताओं के लिए रैंप वॉक और म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी रखी गईं। सभी माताओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी खुशनुमा हो गया।

कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ किया गया।