September 26, 2026

Uttarpradesh: लोहे की रॉड से की मां की हत्या, देखने वालों की कांप गई रूह

Uttarpradesh/Alive News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में हैवान बेटे ने अपनी ही मां की रॉड से मारकर हत्या कर दी । जिसकी वजह से उसकी मां की मौके पर ही मौत हो गई । ऐसे में जब पिता ने बीच बचाव किया तो हैवान बेटे ने उन्हें भी बुरी तरह से घायल कर दिया । सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मौका मुआयना किया ।

मिली जानकारी के मुताबिक घटना टूंडला थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद की है। गांव के अजय पाल मजदूरी करते हैं। चार बेटे हैं। बड़ा राकेश नशे का आदी है। शनिवार रात 11:30 बजे के करीब राकेश शराब पीकर घर पहुंचा। शराब पीकर आने पर मां ने उसे टोक दिया। इसी बात को लेकर उसका मां सुशीला देवी (60)से विवाद हो गया। नशे में धुत राकेश ने लाठी-डंडों से मां पर हमला बोल दिया। वह खुद को बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रहीं। हैवान बने बेटे को उन पर तरस नहीं आया। उसने मां को पीट-पीटकर घायल कर दिया।

इस दौरान बचाने आए पिता अजय पाल पर भी हमला कर घायल कर दिया। रात 12 बजे घायल पति-पत्नी थाने पहुंचे। पुलिस ने डॉक्टरी परीक्षण कराते हुए घर भेज दिया था। सुबह 10 बजे के करीब बेटे की पिटाई से गंभीर घायल सुशीला देवी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग व पुलिस मौके पर पहुंच गई।

एसपी सिटी सर्वेश मिश्रा व सीओ अनिवेश कुमार भी पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने आरोपी पुत्र राकेश के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।मामले में पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दबिश देते हुए आरोपी को आगरा से गिरफ्तार कर लिया है।