March 7, 2026

मां और बेटी का अफेयर, दोनों ने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर कर दी सुभाष की हत्या

Uttar Pradesh/Alive News: यूपी के मेरठ में किसान सुभाष हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। मां और बेटी ने प्रेमियों के साथ मिलकर सुभाष की हत्या कराई थी। सुभाष प्रेम-प्रसंग का विरोध कर प्रताड़ित करता था। पुलिस ने आरोपी मां-बेटी समेत पांच को गिरफ्तार किया है।

मेरठ के जानी खुर्द के किसान सुभाष की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। प्रेम-प्रसंग का विरोध करने पर सुभाष की हत्या उसकी पत्नी कविता और छोटी बेटी सोनम ने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर कराई थी। बेटी के प्रेमी विपिन ने दोस्त अजगर उर्फ शिवम के साथ गोली मारकर हत्या की थी।

हत्याकांड का खुलासा करते हुए मां-बेटी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सुभाष उपाध्याय की 23 जून की रात खेत से लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

बेटे आयुष ने अज्ञात में हत्या का मामला दर्ज कराया था। वारदात के खुलासे के लिए जानी पुलिस, सर्विलांस टीम और स्वॉट टीम को लगाया गया था। अब हत्या में शामिल मृतक की पत्नी कविता, छोटी बेटी सोनम, कविता के प्रेमी गुलजार निवासी सिसौला, सोनम के प्रेमी विपिन निवासी जवाहरनगर कंकरखेड़ा और विपिन के दोस्त जवाहरनगर निवासी अजगर उर्फ शिवम को गिरफ्तार किया गया। अजगर के पास से हत्या में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा और बाइक भी बरामद की गई।