May 10, 2024

ग्रीन इंडिया फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा मासिक पत्रिका ‘मानस पर्व’ का विमोचन

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ स्थित बालाजी कॉलेज में ग्रीन इंडिया फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा मासिक पत्रिका मानस पर्व का विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डीएवी शताब्दी कॉलेज की प्रचार्या डॉ सविता भगत औऱ विशिष्ट अतिथि संयुक्त राष्ट्र संघ के भारतीय पत्रकारिता सलाहकार दीपक परवतियार पहुंचे।

प्रचार्या डॉ. सविता भगत ने संबोधित करते हुए कहा कि आज हमारी शिक्षा का पर्यावरण से औपचारिक संबंध भी नही रह गया है जिससे हमारे संस्कार और व्यवहार में गिरावट आई है। शिक्षा एक शसक्त साधन के रूप में पर्यावरण से सामंजस्य, सहज आचरण और संतुलित जीवन हेतु तैयार कर सकती है। संयुक्त राष्ट्र संघ के भारतीय पत्रकारिता सलाहकार दीपक परवतियार ने कहा कि भारत भूमि सृजन और परम ज्ञान की भूमि है जो पूरे विश्व के पालन की क्षमता रखता है। हमारा अपरिग्रह का आचरण और विश्व शांति का स्वभाव प्रकृति के सर्वाधिक नजदीक लेकर जाता है और हमारी शाश्वत संस्कृति का मूल है।

मानस पर्व के प्रधान संपादक जगदीश चौधरी ने कहा कि प्रकृति अनुरूप व्यवहार, समय अनुसार नियोजन और निस्वार्थ सहजीवन हमारे जीवन को सार्थक बनाता है परंतु आज जैसे ये जीवन मूल्य कहीं खो से गए हैं। सभी व्यक्तिगत स्वार्थ में सबके से अपने, हम से मैं तक सिकुड़ गए हैं। परंतु हमारा मूल स्वभाव संकीर्णता का नही अपितु विस्तार का है। यही हमारी प्रकृति प्रदत्त वृत्ति है।

यमुना पुत्र अशोक उपाध्याय, नायक जय प्रकाश नारायण शोध संस्थान के अध्यक्ष अभय सिन्हा, पर्यावरणविद और पत्रकार प्रशांत सिन्हा, राकेश बिसला महेंद्रू ने अपने विचार रखे। वरिष्ठ पत्रकार और तत्कालीन प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के मीडिया सलाहकार ज्ञानेंद्र रावत ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्राध्यापक उषा डागर, ममता मालिक, चेतन प्रकाश, इशू जैन, केके झा, दिनेश कुमारी सहित अनेक सामाजिक लोगों ने भागीदारी की।