July 7, 2026

लापता हुए 7 वर्षीय बच्चे को किया परिजनों के हवाले

Faridabad/Alive News : पुलिस चौकी सेक्टर-16 की टीम ने घर से लापता हुए बच्चे को ढूंढकर उनके परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार दौलताबाद के रहने वाले लड़के के माता पिता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि शाम को करीब 4 बजे के आसपास उनका 7 वर्षीय बेटा अपने दोस्त के साथ दुकान पर गया था और अचानक वहां से कहीं गायब हो गया।

उन्होंने आसपास के क्षेत्र में अपने बेटे को ढूंढने की बहुत कोशिश की परंतु उन्हें उसकी कोई भी खबर नहीं मिली। परिजनो ने बच्चे के दोस्तों और उनके परिजनों से भी इसके बारे में जानकारी प्राप्त करनी चाही परंतु उन्हें भी उनके लड़के के बारे में कोई खबर नहीं मिली।

थाना प्रभारी ने लड़के के परिजनों की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चे की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस टीम गठित की और बच्चे को ढूंढने के लिए आवश्यक दिशा- निर्देश देते हुए बच्चे की तलाश के लिए टीम को रवाना कर दिया।

पुलिस टीम बच्चे का फोटो लेकर आसपास के क्षेत्र में ढूंढती रही और करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत करने के बाद बाईपास के पास से बच्चे को बरामद कर लड़के को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।