International/Alive News: मेक्सिको की फातिमा बोश फर्नांडेज ने मिस यूनिवर्स 2025 का खिताब जीत लिया है। 25 वर्षीय फातिमा ने फिनाले में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया भर की कंटेस्टेंट्स को पीछे छोड़ दिया। भारत की मणिका विश्वकर्मा टॉप-30 तक तो पहुंचीं, लेकिन टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं।
फिनाले में चार राउंड के बाद टॉप-5 कंटेस्टेंट्स चुनी गईं थाइलैंड की प्रवीनार सिंह, फिलीपींस की आतिसा मनालो, वेनेजुएला की स्टेफनी अबसाली, मेक्सिको की फातिमा बोश और आइवरी कोस्ट की ओलिविया यासे। इनमें से फातिमा बोश मिस यूनिवर्स चुनी गईं। थाइलैंड की प्रवीनार सिंह दूसरे स्थान और वेनेजुएला की स्टेफनी अबसाली तीसरे स्थान पर रहीं।
फातिमा का संघर्ष: बचपन में डिस्लेक्सिया और बुलिंग का सामना
फातिमा बोश ने एक इंटरव्यू में बताया कि बचपन में वे डिस्लेक्सिया और ADHD से जूझ रही थीं। पढ़ाई में कठिनाई होने के कारण स्कूल में उन्हें बुल किया जाता था। लेकिन उन्होंने इन चुनौतियों का सामना किया और खुद को साबित किया।
क्वेश्चन-आंसर राउंड में जीता सबका दिल
टॉप-5 में पूछे गए सवाल पर फातिमा ने कहा कि एक महिला और मिस यूनिवर्स के रूप में वे अपनी आवाज का इस्तेमाल महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए करेंगी। उन्होंने कहा, “जो बहादुर महिलाएं आगे बढ़कर खड़ी होती हैं, वही इतिहास बनाती हैं।”
मिस यूनिवर्स 2025 में विवाद भी हुआ
4 नवंबर की सैश सेरेमनी के दौरान मिस यूनिवर्स थाइलैंड के डायरेक्टर नवात इतसराग्रिसिल ने फातिमा बोश को प्रमोशनल इवेंट में हिस्सा न लेने पर “डंबहेड” कहा था। जब फातिमा ने विरोध किया, तो उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की गई। यह देखकर कई कंटेस्टेंट्स, जिनमें मिस यूनिवर्स 2024 विक्टोरिया थेलविग भी शामिल थीं, सेरेमनी छोड़कर बाहर आ गईं।
वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ा तो मिस यूनिवर्स के को-फाउंडर राउल रोचा ने नवात की आलोचना की और उन्हें आधिकारिक गतिविधियों से हटा दिया। बाद में नवात ने माफी मांगी।
भारत की मणिका विश्वकर्मा का सफर
फिनाले की शुरुआत में मणिका ने व्हाइट ड्रेस में रैंप वॉक कर अपना इंट्रोडक्शन दिया और टॉप-30 में जगह बनाई। स्विमसूट राउंड के बाद टॉप-12 की घोषणा हुई, लेकिन मणिका इस सूची में शामिल नहीं हो सकीं।
मणिका दिल्ली विश्वविद्यालय की फाइनल ईयर स्टूडेंट हैं। वे क्लासिकल डांसर और पेंटर भी हैं। उन्होंने न्यूरोडायवर्जेंस के प्रति जागरूकता के लिए “Neuronova” प्लेटफॉर्म शुरू किया है।
फिनाले से पहले मिस जमैका के साथ हादसा
19 नवंबर को प्रिलिमिनरी राउंड में मिस जमैका डॉ. गैब्रिएल हेनरी रैंप वॉक के दौरान मंच से गिर गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, हालांकि वे अब खतरे से बाहर हैं।

