May 1, 2024

नशे का इंजेक्शन देकर नाबालिग से किया दुष्कर्म, मामला दर्ज

Chandigarh/Alive News : हिसार जिले की एक महिला ने सिरसा निवासी अपनी बेटी के पति व ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ महिला थाने में शिकायत दी है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को दी अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी बेटी की उम्र करीब 15 वर्ष है। उसने अपनी बेटी की शादी जून 2020 में सिरसा निवासी युवक के साथ की थी। बेटी के नाबालिग होने के कारण उसने शादी के बाद बेटी को ससुराल नहीं भेजा। महिला का आरोप है कि 14 अगस्त 2021 को उसका दामाद उसकी बेटी को जबरदस्ती अपने साथ ले गया। आरोप है कि ससुरालजनों ने कहा कि उसकी बेटी वहां नहीं है। इसके बाद उसने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट अग्रोहा थाने में दी। 

जानकारी के मुताबिक 24 अगस्त को उसकी बेटी हिसार वन स्टॉप सेंटर में मिली। उसकी बेटी ने बताया कि आरोपी ने उसे नशे के टीके देकर बेहोशी की हालत में उससे दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शहर निवासी एक महिला ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और देह व्यापार का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी जुलाई 2013 को अन्य जिला निवासी एक युवक से हुई थी। उस दौरान उसके एक दोस्त ने अन्य युवक को उसका फोन नंबर दे दिया। पीड़िता उसकी बातों में आ गई और अपने पति से तलाक के लिए कोर्ट में केस दायर कर दिया। इसके बाद पीड़िता इस युवक के साथ रहने लगी।

आरोप है कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की और उससे देह व्यापार करवाया। नशे की लत के कारण आरोपी ने उसके गहने तक छीन लिए। पीड़िता ने इसके बारे में आरोपी युवक के परिजनों को कहा तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।