March 16, 2026

MDH प्लांट में महिला सफाई कर्मचारी से मारपीट, फर्श साफ करने को लेकर हुआ विवाद, वीडियो वायरल

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के गांव जसाना स्थित MDH मसाला कंपनी के प्लांट में एक महिला सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत तिगांव थाना पुलिस को दी है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

शिकायत के अनुसार गांव शाहबाद निवासी रवि ने पुलिस को बताया कि वह और उसकी पत्नी ज्योति दोनों सफाई कर्मचारी हैं और एमडीएच के अलग-अलग प्लांट में काम करते हैं। 10 मार्च को करीब दोपहर 3 बजे उसकी पत्नी गांव जसाना वाले प्लांट में फर्श की सफाई कर रही थी।

इसी दौरान योगेश नाम का एक युवक साफ किए गए फर्श से होकर गुजरने लगा। महिला ने उसे वहां से न जाने के लिए कहा क्योंकि फर्श अभी गीला था। आरोप है कि इस बात पर युवक नाराज हो गया और उसने अपने भाइयों को भी मौके पर बुला लिया।

इसके बाद सभी ने मिलकर महिला के साथ मारपीट कर दी। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर महिला को आरोपियों से छुड़ाया। इस दौरान किसी कर्मचारी ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मामले में पीड़ित परिवार ने तिगांव थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है। थाना प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।