Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम की महापौर और भाजपा की वरिष्ठ नेता प्रवीण बत्रा जोशी ने मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय अटल कमल में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने उनकी समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनी और कई मामलों में तुरंत समाधान भी किया।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, जिला महामंत्री शोभित अरोड़ा और जिला कार्यालय सचिव राज मदान भी मौजूद रहे।
महापौर जोशी ने कहा, “भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, और उनकी समस्याओं का समाधान करना मेरी प्राथमिकता है। मैं हर सप्ताह एक दिन अटल कमल कार्यालय में मौजूद रहूंगी ताकि कार्यकर्ता अपनी बात खुलकर कह सकें और मैं खुद उनके समाधान के लिए प्रयास कर सकूं।”
उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और संगठन के प्रति समर्पण को मजबूत करने का कार्य करेगी।
महापौर प्रवीण जोशी और जिला अध्यक्ष रामपाल ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता समाज और संगठन के बीच एक मजबूत पुल की तरह काम कर रहे हैं। जनता की समस्याओं का जल्दी हल करने के लिए सरकार और संगठन मिलकर प्रयास कर रहे हैं।
पौधारोपण के जरिए दिया पर्यावरण बचाने का संदेश कार्यक्रम के दौरान महापौर प्रवीण जोशी और जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने भाजपा कार्यालय अटल कमल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
महापौर ने कहा, “एक पेड़ लगाना केवल पर्यावरण की सेवा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित और स्वच्छ जीवन देने की दिशा में हमारा योगदान है। हम सभी अपनी माँ के नाम एक पेड़ लगाएं और उसे जीवित रखें।”
इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल हुए और सभी ने ‘पेड़ लगाएं, प्रकृति बचाएं’ का संकल्प लिया। इस अभियान को पूरे जिले में फैलाने का निर्णय लिया गया है।

