Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कोच्चि में आयोजित केरल अर्बन कॉन्क्लेव 2025 में हिस्सा लिया। इस मंच पर देश-विदेश से आए मेयरों ने शहरी विकास से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार हर वर्ग तक विकास पहुँचाने के लिए काम कर रही है। इसी सोच के साथ नगर निगम फरीदाबाद भी नई योजनाएं और जन सहभागिता पर आधारित कार्यक्रम चला रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर नल से जल अभियान को सफल बनाने के लिए निगम ने खास प्रयास किए हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच की दूरी को कम करने के लिए आधारभूत ढांचे में तेजी से सुधार किया जा रहा है।
महापौर ने यह भी बताया कि फरीदाबाद में पर्यावरण और जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का पानी भूजल रिचार्ज और तालाबों के निर्माण में इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही यमुना में ट्रीटेड वाटर छोड़कर जल संकट को दूर करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि नगर निगम ने जनभागीदारी मॉडल अपनाया है। आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठनों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से शहर को और स्वच्छ, हरित और आधुनिक बनाया जा रहा है।
इतना ही नहीं, फरीदाबाद नगर निगम ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर भी काम कर रहा है। राजा नाहर सिंह महल, महारानी की छतरी और संत सूरदास मंदिर परिसर जैसे स्थलों का नवीनीकरण शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहा है।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि वे 30 से अधिक भारतीय और विदेशी मेयरों के बीच फरीदाबाद की उपलब्धियां साझा कर सकीं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय मंच शहरों को एक-दूसरे से सीखने और बेहतर करने की प्रेरणा देते हैं।

