May 5, 2024

गणित प्रेमियों और जूनियर रेडक्रॉस ने मनाया ‘पाई अनुमोदन दिवस’

Faridabad/Alive News : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद की सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, जूनियर रेडक्रॉस और गाइड्स ने प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा के निर्देशानुसार पाई अनुमोदन दिवस पर वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि गणित के प्रेमियों के और गणित में रुचि लेने वालों के लिए आज एक महत्वपूर्ण दिन है। आज पाई अनुमोदन दिवस है। पाई को 22/7 द्वारा निरूपित किया जाता है इसलिए ही 22 जुलाई को पाई एप्रोक्सिमेशन डे के रूप में मनाया जाता है।

पाई की 3.14 गणना को दर्शाते हुए पाई अनुमोदित मान को पाई एप्रोक्सिमेशन डे के साथ ही मनाया जाता है। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि पाई या π एक अपरिमेय संख्या और एक गणितीय स्थिरांक है। एक वृत्त की परिधि और उसके व्यास के बीच के अनुपात को पाई कहते हैं। पाई से जुड़े कुछ रोचक तथ्यों के बारे में एक दिलचस्प अवलोकन यह है कि जब 3:14 को एक दर्पण में देखा जाता है, तो यह PIE के समान होता है। कहा जाता है कि पाई प्रकृति में पाई जाती है। यह हमारी कोशिकाओं, हमारी आंखों में पुतलियों, एक इंद्रधनुष और कई अन्य चीजों में देखी जा सकती है।

प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा और गणित प्राध्यापिका डॉक्टर जसनीत कौर ने पाई अनुमोदन दिवस पर सुंदर पोस्टर बनाने के लिए ज्योति , भूमिका और निशा को प्रथम, नेहा, प्रिया और सिया को द्वितीय तथा दीपांजलि, कविता और शिवानी को तृतीय एवम सुमन, पूनम और पूनम को चतुर्थ घोषित किया। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा ने पाई अनुमोदन दिवस के सुंदर वर्चुअल आयोजन की सराहना करते हुए गणित प्राध्यापिका डॉक्टर जसनीत कौर का अभिनंदन किया।