Uttar Pradesh/Alive News: बदायूं के सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह-सुबह एक बड़ी घटना हो गई। गांधी मैदान में लगे नुमाइश मेले में भीषण आग लग गई। आग ने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
शहर के गांधी ग्राउंड में नुमाइश मेला लगा है। यहां सोमवार सुबह के समय किसी तरह एक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते इस आग ने नुमाइश मेले की 20 से अधिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण आग को देख दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां ने मौके पर पहुंचकर करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया ।
इधर, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी, एसडीएम सदर मोहित सिंह, सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया है। इस आग में क्रॉकरी, खिलौने आदि दुकानों का सारा सामान जल गया था। बताया गया है कि दुकानों में रखे सिलिंडर धमाकों के साथ फटे, जिससे दहशत फैल गई। आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। दुकानों को जलता देख महिला दुकानदार रो पड़ीं।

