Faridabad/Alive News: शहर के बाजारों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। एनआईटी-5 मार्केट में स्कूटी से घर लौट रही एक युवती से कथित तौर पर मोबाइल नंबर मांगने और पीछा करने के आरोप में एक व्यापारी की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। युवती के विरोध करने और शोर मचाने पर बाजार में भीड़ जमा हो गई। इसके बाद व्यापारी को पकड़कर लोगों ने सड़क पर ही लात-घूंसों से पीटा। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में व्यापारी हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम की है। एनआईटी-5 मार्केट में जूतों की दुकान चलाने वाला एक व्यापारी स्कूटी से घर जा रही युवती का पीछा करने लगा। आरोप है कि उसने युवती को बीच रास्ते में रोककर बातचीत करने और मोबाइल नंबर देने के लिए कहा। युवती ने इसका विरोध किया और शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और लोग मौके पर पहुंच गए।
भागने लगा तो लोगों ने पकड़ लिया
युवती की शिकायत सुनने के बाद कुछ लोगों ने व्यापारी को पकड़ने की कोशिश की। इस पर उसने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस को शिकायत का इंतजार
एनआईटी थाना प्रभारी महावीर के अनुसार, अभी तक युवती या उसके परिवार की ओर से इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामले में किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है।

