May 7, 2024

गणेश उत्सव की भजन संध्या में छाए मनोज तिवारी

Faridabad/Alive News : उद्योग मंत्री विपुल गोयल के आवास पर आयोजित गणेश उत्सव को भक्तों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। भजन संध्या में भक्तों की सक्रिय मौजूदगी इसका प्रमाण है। भजन संध्या में भक्त भजनों के आनंद में डूबे थे। लेकिन भोजपुरी गायक और पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने अपने भजनों से समां बांध दिया।

फरीदाबाद में पहली बार आयोजित किये गये गणेश उत्सव की तुलना महाराष्ट्र के गणेश उत्सवों से करके भक्तों में हर्ष का संचार किया। उन्होंने कहा कि मुंबई में जो लोग पहली बार गणपति को बुलाते हैं, पहली बार एक दिन या डेढ़ से शुरू करते हैं, लेकिन विपुल गोयल ने पहली बार में ही पांच दिन के गणपति की स्थापना करके एक बड़ी शुरुआत की है। पूर्वी दिल्ली से सांसद ने कहा कि ये बड़े ही पुण्य का कार्य है। लोगों को भी इस प्रकार के कार्य हमेशा करते रहने चाहिए।

1

भोजपुरी गायक और बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि विपुल गोयल हमेशा ही बड़े आयोजनों के ले लिए जाने जाते हैं। ऐसे में फरीदाबाद में आयोजित पहला विशाल गणेश उत्सव भी विपुल गोयल ही कर सकते हैं। मंच पर पहुंचकर मनोज तिवारी ने भक्तों को गणपति वंदना सुनाई। करीब सवा घंटे में मनोज तिवारी ने भक्तों को गणपति के साथ साथ राम और कृष्ण की भक्ति के रंग में भी डूबो दिया।

वहीं कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मनोज तिवारी को गणपति का परम भक्त बताया। उन्होंने कहा कि जब गणेश उत्सव को लेकर आने के लिए पूछा था तब मनोज तिवारी ने बिना किसी ना-नुकूर के अपनी हामी दे दी थी। गोयल ने उम्मीद जताई कि आगे भी फरीदाबादवासियों को मनोज तिवारी का संगीत और गीतभरा प्यार मिलता रहेगा।

देर शाम हरियाणा के बीजेपी प्रभारी डॉ. अनिल जैन भी कार्यक्रम में पहुंचे। गणपति का आशीर्वाद लेने के बाद उन्होंने इस तरह के आयोजनों से क्षेत्रवाद खत्म करने में मदद मिलती है। तिगांव से कांग्रेस विधायक ललित नागर ने भी गणेश उत्सव में शिरकत की। बॉलीवुड अभिनेता रणजीत और राहुल देव भी गणेश उत्सव में शामिल होने खास तौर से पहुंचे।