March 7, 2026

जेईई मेंस में मानव सुपर-21 के छात्रों का शानदार प्रदर्शन

Faridabad/Alive News: शहर की प्रमुख सामाजिक संस्था मानव सेवा समिति द्वारा संचालित ‘मानव सुपर-21 आईआईटी-नीट कोचिंग’ के छात्रों ने एक बार फिर संस्था का नाम रोशन किया है। जेईई मेंस की प्रथम परीक्षा में शामिल तीन छात्रों में से दो ने सफलता हासिल की। छात्र शिवा ने 92.1 एनटीए स्कोर और अंशुमन ने 86.6 स्कोर प्राप्त कर परीक्षा पास की। संस्था पदाधिकारियों ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मानव सुपर-21 जरूरतमंद परिवारों के मेधावी छात्रों को निशुल्क कोचिंग देकर उन्हें आईआईटी और मेडिकल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार कर रहा है। अब तक इस पहल के माध्यम से 7 छात्रों का चयन आईआईटी में, 2 का मेडिकल कॉलेज में और 2 का एनडीए में हो चुका है। इसके अलावा 15 छात्रों ने वायएमसीए और अन्य प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश लिया है। इनमें से कई छात्र पढ़ाई पूरी कर नामी बहुराष्ट्रीय कंपनियों में कार्यरत हैं।

यह कोचिंग सेक्टर-10 स्थित मानव भवन में 11वीं और 12वीं के अलग-अलग बैचों में निशुल्क दी जाती है। अगले बैच के लिए चयन परीक्षा 15 मार्च (रविवार) को दोपहर 2 बजे मानव भवन, सेक्टर-10 में आयोजित होगी। शिक्षा सत्र 2026-27 में 11वीं और 12वीं में पढ़ने वाले मेडिकल और नॉन-मेडिकल के विद्यार्थी इसमें भाग ले सकते हैं। इच्छुक छात्र 8 मार्च तक मानव भवन पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।