Faridabad/Alive News: एनआईटी-1 स्थित जूते-चप्पल की दुकान पर काम करने वाले सेल्समैन की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता हेमंत भाटिया, निवासी एनआईटी फरीदाबाद ने थाना कोतवाली में शिकायत दी थी कि उनके पिता केवल किशन भाटिया टाउन नंबर-1 में जूते-चप्पल की दुकान पर काम करते थे। उसी दुकान में काम करने वाले प्रशांत नाम के युवक से उनके पिता का झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान लगी चोटों के कारण केवल किशन भाटिया की मौत हो गई।
मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने आरोपी प्रशांत (26), निवासी नंगला एन्क्लेव पार्ट-2 फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में पता चला कि दोनों एक ही दुकान में सेल्समैन थे और किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया था। झगड़े में प्रशांत ने केवल किशन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है ताकि आगे की पूछताछ की जा सके।

