May 4, 2024

हर्षोल्लास के साथ मनाई महर्षि वाल्मीकि जयंती

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के द्वारा महर्षि वाल्मीकि का प्रकाश दिवस खंड स्तर पर बड़खल खंड में एन एच-3 स्थित बौद्ध बिहार समुदायिक भवन के प्रांगण में डॉ बी.आर. अंबेडकर एजुकेशन सोसायटी फरीदाबाद के साथ बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बड़खल उपमंडल के तहसीलदार जसवंत सिंह रहे और अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा के द्वारा की गई।

नगर निगम के पार्षद और भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेश नंबरदार विशेष अतिथि के रुप से और संदीप कुमार जिला कल्याण अधिकारी के विशेष प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित थे। बतौर मुख्य अतिथि तहसीलदार जसवंत सिंह ने कहा कि वाल्मीकि जयंती को भगवान वाल्मीकि के प्रकट उत्सव के तौर पर मनाया जाता है, जो महाकाव्य रामायण के रचनाकार थे। महर्षि वाल्मीकि ने समाज व जनमानस को शिक्षित और चेतन होने का संदेश दिया है। रामायण जैसा ग्रंथ लिख कर वे आज भी हमारे बीच मौजूद हैं।

भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि महर्षि बाल्मीकि जी महाकाव्य रामायण ग्रंथ के रचयिता थे और इसलिए उन्हें महा कवि का दर्जा दिया गया। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा का पहला श्लोक महर्षि बाल्मीकि के मुख से निकला था। हमें महर्षि वाल्मीकि के दिखाए मार्ग पर चल समाज को मजबूत बनाने में अपना सहयोग देना चाहिए। इसके साथ ही अधिक से अधिक साधन विहीन और गरीब लोगों की भलाई के काम करने चाहिए।

इस दौरान संस्था की छात्राओं रिया, रुखसार के द्वारा सुंदर स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। मीनाक्षी और नीलम ने देश भक्ति के गाने पर नृत्य प्रस्तुत किया। आरती ने महर्षि वाल्मीकि के रूप में एक कविता के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के जीवन पर प्रकाश डाला तथा शिवानी ने महर्षि वाल्मीकि के बारे में अपने विचार रखे।