October 6, 2026

सरकारी आश्रम स्कूल में 82 छात्रों के आधे बाल काटे: खेलने से नाराज थे सुपरिटेंडेंट, अभिभावकों में गुस्सा

महाराष्ट्र के चंद्रपुर आश्रम स्कूल में छात्रों के आधे बाल काटने का मामला

New Delhi/Alive News: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में सरकारी आश्रम स्कूल के 82 छात्रों के आधे बाल काटने का मामला सामने आया है। घटना चिमूर तालुका के जंभुलघाट स्थित सरकारी सेकेंडरी आश्रम स्कूल की बताई जा रही है। मामला सामने आने के बाद छात्रों के अभिभावकों में नाराजगी है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह आश्रम स्कूल में छात्रों के बाल काटे जा रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे खेल रहे थे। आरोप है कि बच्चों के खेलने से स्कूल के सुपरिटेंडेंट प्रशांत मेश्राम नाराज हो गए और उन्होंने 82 छात्रों के आधे बाल कटवा दिए।

बताया गया कि छात्रों के बाल ट्रिमर से काटे गए, जिससे कई बच्चों के बाल आधे और टेढ़े-मेढ़े रह गए। छात्रों की ऐसी हालत की तस्वीरें शनिवार शाम सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया।

तस्वीरें सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद स्कूल के अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया।

मामला सामने आने के बाद छात्रों के बाल दोबारा काटे गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह प्रक्रिया शनिवार रात करीब 11 बजे शुरू हुई और रविवार सुबह करीब 4 बजे तक चली। स्कूल के प्रिंसिपल प्रशांत गिरी ने मामले को लेकर सुपरिटेंडेंट प्रशांत मेश्राम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

सुपरिटेंडेंट प्रशांत मेश्राम ने अपने बचाव में कहा कि छात्रों के बाल काटने के पीछे कोई गलत इरादा नहीं था। उनका कहना है कि बारिश के कारण कुछ समय से छात्र नियमित रूप से बाल नहीं कटवा पा रहे थे। इसी वजह से बच्चों के बाल छोटे करवाने का फैसला लिया गया। हालांकि, अभिभावकों ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अभिभावकों ने जनजातीय विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि छात्रों के बयान अलग-अलग दर्ज किए जाएं और घटना में शामिल कर्मचारियों व अधिकारियों की भूमिका की जांच की जाए।

फिलहाल स्कूल प्रबंधन ने सुपरिटेंडेंट को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। आगे की कार्रवाई जांच और जवाब के आधार पर होने की उम्मीद है।