April 25, 2024

लता मंगेशकर के जल्द ठीक होने के लिए हुआ महामृत्युंजय जाप, गायिका अभी तक हैं आईसीयू में भर्ती

New Delhi/Alive News: मशहूर गायिका लता मंगेशकर काफी समय से अस्पताल में भर्ती हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इसके बाद से डॉक्टर और परिवारवाले उनकी तबीयत के बारे में जानकारी दे रहे हैं। हाल ही में ऐसी भी खबरें आईं थीं कि लता मंगेशकर गंभीर है, लेकिन अब उनकी तबीयत में सुधार हुआ है।

वहीं लता मंगेशकर के जल्द स्वस्थ होने के लिए अयोध्या में महामृत्युंजय जाप और हवन हो रहा है। जानकारी के अनुसार जगद्गुरु परमहंस आचार्य महाराज ने अयोध्या में लता मंगेशकर के लिए महामृत्युंजय जाप रखा है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द लता मंगेशकर से अस्पताल में मिलने के लिए जाएं। लता मंगेशकर इस समय भी आईसीयू में भर्ती हैं।

आपको बता दें कि लता मंगेशकर का 11 जनवरी को कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका डॉक्टरों की देख-रेख में इलाज चल रहा है। 92 वर्षीय लता मंगेशकर की भतीजी रचना ने उनके कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी दी थी।वहीं हाल ही में उनका इलाज कर रहे डॉ प्रतीत समदानी ने बताया कि लता मंगेशकर की तबीयत में सुधार है।

हालांकि उन्हें आईसीयू में बेहतर स्वास्थ्य को लेकर निगरानी में रखा गया है। डॉ प्रतीत समदानी ने कहा उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए आप सब भी प्रार्थना करें। इससे पहले सितंबर 2019 में लता मंगेशकर चेस्‍ट में इंफेक्‍शन की वजह से अस्‍पताल में भर्ती करवाया गया था, उन्‍हें सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। कुछ दिन इलाज के बाद वह स्‍वस्‍थ हो घर लौट आयी थीं।