September 19, 2024

सीनियर श्रीराम स्कूल में नन्हें-मुन्ने ने धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी

Faridabad/Alive News : जवाहर कॉलोनी 60 फीट रोड स्थित सीनियर श्रीराम मॉडल हाई स्कूल में शनिवार को जन्माष्टमी बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। इसमें नन्हें-मुन्ने बच्चे नटखट नंद गोपाल की भूमिका में नजर आए। नर्सरी, एलकेजी, प्ले विंग के बच्चें कृष्ण कन्हैया की वेशभूषा तो कोई राधा की वेशभूषा में नजर आए। नन्हें-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण के अलावा वासुदेव, देवकी, ग्वाले और गोपियों की वेशभूषा में आए। बच्चों के इस अवतरण ने सभी का मनमोह लिया। इस दौरान झांकी भी लगाई गई। बच्चों ने कृष्ण के गीतों पर नृत्य कर सारे वातावरण को कृष्णमयी बना दिया। कार्यक्रम के बाद सभी बच्चों ने विधिवत श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना की व प्रसाद ग्रहण किया।

स्कूल की एकेडमिक डायरेक्टर मनीषा आनंद ने बताया कि कैसे भगवान श्रीकृष्ण ने बल और बुद्धि से बुराई पर विजय प्राप्त की। सीनियर श्रीराम मॉडल स्कूल के प्रिंसिपल विक्रम राठौर ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण से हमें सीखना चाहिए कि किस तरह से हर परिस्थिति का सामना करें। उन्होंने कंस का संहार कर लोगों को अत्याचारों से मुक्ति दिलाई। द्रोपदी की लाज बचाई।

वाॅइस प्रिंसिपल कंचन भाटिया और ज्योति कोहली ने बताया कि श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश देकर आत्मा, परमात्मा, योग, कर्म की व्याख्या की थी और सत्य के पथ पर चले थे।

इसके अलावा श्रीराम स्कूल के किड्स कान्वेंट स्कूल में भी जनमाष्टमी का त्योहार बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। किड्स कान्वेंट स्कूल की इंचार्ज सुखविंदर ने कृष्ण जन्मोत्सव के बारे में बच्चों को अवगत कराया। न्यू किड्स कान्वेंट फरीदाबाद स्कूल की इंचार्ज एकता बेरी और तनु ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने संदेश दिया कि व्यक्ति को अपना कर्म करते रहना चाहिए और फल की इच्छा नही करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निष्काम भाव से किया गया कर्म ही सच्चा कर्म होता है। उन्होंने मोह माया से दूर रहने की बात कही।

श्रीकृष्ण जी ने भरसक प्रयास किये थे कि महाभारत का युद्ध न हो। जब युद्ध नहीं रुका तो वे पांडवों के पक्ष में थे क्योंकि वे सत्य के पथ पर थे। इसलिए हमें सदा सत्य का साथ देना चाहिए। मुश्किल से मुश्किल समस्या का भी हल निकाला जा सकता है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर श्री राम मॉडर्न स्कूल की चेयरपर्सन डॉ अमृता ज्योति जी रहीं। उन्होंने आरती व प्रसाद वितरण किया। उन्होंने बच्चों व शिक्षिकाओं को अपना आशीर्वाद देते हुए पर्व की बधाई दी।