March 11, 2026

अजरौंदा चौक पर हल्की बारिश से जलभराव, घंटों जाम में फंसे रहे लोग

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद शहर के व्यस्त चौराहों में शामिल अजरौंदा चौक पर बुधवार को हुई हल्की बारिश ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दीं। चौराहे पर थोड़ी सी बारिश होते ही सड़क पर पानी भर गया, जिसके कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बरसात का पानी सड़क पर जमा होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गई और ट्रैफिक पूरी तरह से जाम हो गया। सुबह के समय जब लोग अपने काम पर, दफ्तरों में या बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए निकलते हैं, तभी यह जाम और भी ज्यादा बढ़ गया। कई वाहन चालक घंटों तक जाम में फंसे रहे और अपने दफ्तरों पर समय पर नहीं पहुंच पाए। इससे लोगों के कामकाज और रोजमर्रा की दिनचर्या पर सीधा असर पड़ा।

लोगों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है जब अजरौंदा चौक पर बारिश के बाद जलभराव हुआ हो। हर बार हल्की या तेज बारिश के बाद यही स्थिति बनती है, लेकिन प्रशासन की ओर से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त न होने की वजह से थोड़ी सी बारिश भी पूरे ट्रैफिक को ठप कर देती है।

वाहन चालकों का कहना है कि यदि समय रहते नाली और पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो आगामी बरसात के दिनों में हालात और ज्यादा बिगड़ सकते हैं। लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अजरौंदा चौक पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए ताकि आने वाले दिनों में उन्हें ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।