March 14, 2026

भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया होगी आसान, गांव-गांव में एचएसवीपी लगाएगा शिविर

Faridabad/Alive News: जिले में भूमि अधिग्रहण और खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तेज बनाने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) गांवों में विशेष शिविर आयोजित करेगा। ये शिविर 9 मार्च से 20 अप्रैल 2026 तक जिले के विभिन्न गांवों में लगाए जाएंगे, जहां किसानों और भू-स्वामियों को योजना से जुड़ी जानकारी देने के साथ मौके पर ही पंजीकरण और सत्यापन की सुविधा दी जाएगी।

एचएसवीपी की प्रशासक वैशाली सिंह ने बताया कि सरकार की ई-भूमि नीति के तहत जमीन खरीद और अधिग्रहण की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है। इससे किसान सीधे पोर्टल के माध्यम से अपनी जमीन उपलब्ध कराने का विकल्प चुन सकते हैं। इसी उद्देश्य से गांव-गांव में शिविर लगाकर अधिक से अधिक लोगों को इस व्यवस्था से जोड़ने की योजना बनाई गई है।

उन्होंने बताया कि शिविरों के दौरान भूमि से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन, पंजीकरण, रिकॉर्ड की जांच और अन्य जरूरी औपचारिकताएं मौके पर ही पूरी की जाएंगी। इससे किसानों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और प्रक्रिया सरल हो जाएगी।

प्राधिकरण की ओर से भूमि मालिकों से अपील की गई है कि वे शिविर में आते समय अपनी जमीन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक कागजात साथ लेकर आएं, ताकि उसी दिन उनकी कार्यवाही पूरी की जा सके।