June 30, 2026

फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों में सुविधाओं का अभाव, विधायक ने जिला शिक्षा अधिकारी को लगाई फटकार 

Faridabad/Alive News: विधायक धनेश अदलखा शनिवार को एक्शन मोड नजर आए। सरकारी स्कूलों में कमियां पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह को फटकार लगाई। वहीं एसडीएम त्रिलोकचंद को स्कूलों के निरीक्षण के आदेश दिए। अगली मीटिंग बुधवार को बुलाई गई है। अधिकारी मीटिंग में स्कूलों की रिपोर्ट पेश करेंगे। 

जिले के अधिकांश सरकारी स्कूलों में सुविधाओं का अभाव है। जिसकी वजह से छात्रों और अध्यापकों को बेहद परेशानी होती है। एनआइटी स्थित अरावली गोल्फ कोर्स में मीटिंग का आयोजन किया गया। इसमें एसडीएम त्रिलोकचंद, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह, स्कूलों के प्रिंसिपल और जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने सबसे पहले अपने विधानसभा के 15 वरिष्ठ माध्यमिक और दो उच्च विद्यालय में छात्रों के लिए पेयजल तथा शौचालय की व्यवस्था करने के आदेश दिए। जिसमें यह सुविधा नहीं है या फिर शौचालय गंदे हैं, वहां निजी कंपनियों का सहयोग लेकर व्यवस्था की जाएगी।

स्कूलों में होगी बैकअप की व्यवस्था, गर्मी से मिलेगा छुटकारा : मीटिंग पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर विधायक ने कहा कि जिन स्कूलों में बिजली का बैकअप नहीं है, वहां इनवर्टर और जेनरेटर लगाए जाएंगे। 2010 में सरकारी स्कूलों में लगाए गए जेनरेटर अब किस स्थिति में हैं इसकी भी जांच की जाएगी। सरकारी स्कूल में संचालित कंप्यूटर लैब की स्थिति खराब है। स्कूलों में लैब की जांच कर कमियों को दूर किया जाएगा। भांकरी के सरकारी स्कूल में नई बिल्डिंग का निर्माण हो रहा है। यह सड़क से दो फुट नीचे है। जिससे स्कूल में जलभराव हो जाता है। जलभराव के कारण स्कूल में पहले से बने दस कमरे खराब हो गए हैं। यदि नई बिल्डर को सड़क से दो फुट ऊपर नहीं बनाया गया तो यह भी खराब हो जाएगी। प्रिंसिपल की शिकायत पर जिला शिक्षा अधिकारी को विधायक ने फटकार लगाते हुए स्कूलों के निरीक्षण के आदेश दिए।