September 29, 2026

जानिए 27 का इतिहास

Alive Special: पुराने समय में बैंक से पैसा निकालने का काम बड़ा ही झंझट भरा होता था। इसमें समय भी अधिक खर्च होता था और लोगों को परेशानी भी होती थी। इससे निजात पाने के लिए जॉन शेफर्ड बैरन को एक आईडिया आया। उन्होंने देखा कि जिस तरह चॉकलेट वेंडिंग मशीन में पैसे डालते ही चॉकलेट बाहर आ जाती है उसी तरह क्यों न एक ऐसी मशीन बनाई जाए जिसमें से पैसे निकल सके। बस फिर क्या था बैरन अपने काम पर लग गए। उन्होंने चॉकलेट वेंडिंग मशीन की तरह ही मशीन बनाई जिसमें 6 अंकों का एक पिन एंटर करना होता था। 6 अंकों का नंबर याद करने में परेशानी होती थी इसलिए बाद में इस पिन को बदलकर 4 अंकों का कर दिया गया।इस तरह की 6 मशीनें बनाईं और इन्हें अलग-अलग जगहों पर लगाया गया। सबसे पहली मशीन लंदन के इनफील्ड में बार्कलेज बैंक में 27 जून 1967 को लगाई गई। इस मशीन से सबसे पहले ब्रिटिश कॉमेडी एक्टर ‘रेग वार्ने’ ने पैसे निकाले थे। इस मशीन से एक बार में अधिकतम 10 पाउंड ही निकलते थे।

‘धूम्रपान से कैंसर होता है’ 27 जून साल 1957 में पहली बार इसकी पुष्टि हुई थी। इतिहास के दूसरे अंश में बात इसी की होगी। 1957 के पहले अलग-अलग देशों में फेफड़ों के कैंसर और धूम्रपान के बीच संबंध पता करने के लिए कई रिसर्च की जा रही थी। इसी कड़ी में अमेरिका के नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट, नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट, अमेरिकन कैंसर सोसायटी और अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन ने एक साझा स्टडी की। इस स्टडी में 1952 से 1955 तक अमेरिका के 1 करोड़ 87 लाख 783 पुरुषों को शामिल किया गया था। 44 महीनों की स्टडी के दौरान इनमें से 11 हजार 783 लोगों की मौत हो गई। इस स्टडी के बाद इस बात की पुष्टि हुई कि धूम्रपान करने वालों में लंग कैंसर होने की संभावना 5 से 15 गुना ज्यादा होती है।

इतिहास के तीसरे अंश में बात पंडित जवाहरलाल नेहरू संग्रहालय की करेंगे। 27 जून साल 1964 में ये फैसला लिया गया कि दिल्ली में स्थित तीन मूर्ति भवन में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का संग्रहालय बनाया जाएगा। दरअसल यहीं तीन मूर्ति भवन पंडित नेहरू का आवास था। उनकी मृत्यु के बाद उनकी स्मृति में इसे संग्रहालय में बदल दिया गया। उनके जीवन की झलक आज भी यहां उनके छाया-चित्रों में देखी जा सकती है। यहां सीढ़ीनुमा गुलाब उद्यान एवं दूरबीन यहां के प्रमुख आकर्षण है। इसी गुलाब उद्यान से नेहरू जी अपनी शेरवानी पर लगाने के लिए गुलाब का फूल चुना करते थे।

27 जून की ऐतिहासिक घटनाएं-

1693: लंदन में महिलाओं की पहली पत्रिका ‘लेडीज मरकरी’ का प्रकाशन शुरू।
1838: राष्‍ट्रगीत के र‍चयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्‍याय का जन्‍म।
1867: बैंक ऑफ कैलिफार्निया का संचालन शुरू।
1893: सिख साम्राज्‍य के संस्‍थापक पंजाब के महाराज रणजीत सिंह का निधन।
1914: अमेरिका ने इथोपिया के साथ वाणिज्य संधि पर हस्ताक्षर किये।
1940: सोवियत सेना ने रोमानिया पर हमला किया।
1957: ब्रिटेन की मेडिकल रिसर्च काउंसिल की एक रिपोर्ट में बताया गया कि धूम्रपान की वजह से फेफड़ों का कैंसर हो सकता है।
1964: तीन मूर्ति भवन को नेहरू संग्रहालय बनाया गया।
1967: लंदन के एनफील्ड में विश्व का पहला एटीएम स्थापित किया गया।
1991: युगोस्लाविया की सेना ने स्लोवेनिया के स्वतंत्र होने के 48 घंटे के भीतर ही इस छोटे से देश पर हमला कर दिया।
2002: जी-8 देश परमाणु हथियार नष्ट करने की रूसी योजना पर सहमत।
2003: अमेरिका में समलैंगिकता पर प्रतिबंध रद्द।
2005: ब्रिटेन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की वीटो रहित स्थायी सदस्यता का समर्थन किया।
2008: माइक्रोसॉफ्ट कार्पोरेशन के चेयरमैन बिल गेट्स ने अपने पद से इस्तीफा दिया।
2008: भारत और पाकिस्तान ने ईरानी गैस पाइप लाइन परियोजना को चालू करने में आ रही बाधाओें को दूर किया।
2008: 1971 की लड़ाई में भारतीय सेना की पाकिस्तान के खिलाफ विजय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूर्व थलसेनाध्यक्ष सैम मानेकशॉ का निधन।