May 1, 2024

करनाल : तेज बारिश के बीच शुरू हुई महापंचायत, मंच पर पहुंचे गुरनाम चढूनी

Chandigarh/Alive News : करनाल के अनाज मंडी में आयोजित महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष गुरनाम चढूनी मंच पर पहुंच गए हैं। जिसके बाद जिले में किसानों की महापंचायत शुरू हो गई है। जिले में सुबह से हो रही झमाझम बरसात के बीच ही महापंचायत शुरू की गयी है। इसके अलावा किसान संगठन नई अनाज मंडी में महापंचायत व जिला सचिवालय के घेराव के लिए एकत्रित हुए। वहीं पुलिस ने अनाज मंडी के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। महापंचायत में हजारों की संख्या में किसान पहुंचे हैं।

बता दें, कि इससे पहले सोमवार आधी रात तक नई अनाज मंडी से सटे सेक्टर-3 स्थित औद्योगिक क्षेत्र को कंटीले तार और बांसों से सील कर दिया गया ताकि अनाज मंडी से किसी भी तरफ से किसान निकल न पाएं। रात 12:30 बजे तक औद्योगिक क्षेत्र के सात गेट सील किए जा चुके थे। पुलिस को आशंका है कि किसान माहौल बिगड़ने पर अनाज मंडी से औद्योगिक क्षेत्र में प्रवेश कर सकते हैं। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों, श्रमिकों का अमला सीलिंग की कार्रवाई में जुटा रहा। इसके अलावा महापंचायत के कारण कई रूटों को डायवर्ट भी किया गया है। इसमें अपने गतव्य पर पहुंचने के लिए जीटी रोड का प्रयोग करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। जीटी रोड को जोड़ने वाली सभी बिंदुओं पर बड़ी संख्या में बैरिकेड रख दिए गए हैं। महापंचायत के बाद किसानों का अगला लक्ष्य लघु सचिवालय पहुंचने का है। इस कारण यहां जीटी रोड के निर्मल कुटिया चौक से लघु सचिवालय गेट तक बैरिकेड के ढेर लगा दिए गए हैं।