March 10, 2026

हाईवोल्टेज तारों से टकराई कांवड़ियों की गाड़ी, 2 की मौत, 2 गंभीर घायल

Haryana/Alive News: हरिद्वार डाक कावड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप गाड़ी मंगलवार सुबह हाईवोल्टेज तारों की चपेट में आ गई। हादसे में 2 कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों के नाम कुलदीप और हरीश बताए गए हैं। गंभीर घायलों में रिंकू और सुमित शामिल हैं। गाड़ी में कुल 15 कांवड़िए सवार थे, जो यमुनानगर के गुमथला गांव से हरिद्वार जा रहे थे।

सुबह करीब साढ़े 6 बजे ये लोग गांव में मंदिर जाकर मत्था टेकने के बाद गाड़ी से फेरी लगा रहे थे। बारिश से बचने के लिए पिकअप पर तिरपाल डाली गई थी, जिसे बीच में लोहे की पाइप से सहारा दिया गया था। जब गाड़ी गांव की गलियों से गुजर रही थी, तभी तिरपाल से ऊपर निकला लोहे का पाइप हाईवोल्टेज तारों से टकरा गया। इससे पूरे वाहन में करंट दौड़ गया और जोरदार झटका लगा। साथ ही गाड़ी के तीन टायर भी फट गए।

हादसे के वक्त गांव में काफी लोग मौजूद थे, लेकिन पहले किसी ने करंट के डर से गाड़ी के पास नहीं जाने की हिम्मत की। जब यह सुनिश्चित हुआ कि अब करंट नहीं है, तब ग्रामीणों ने कांवड़ियों को गाड़ी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में कुलदीप और हरीश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रिंकू और सुमित की हालत गंभीर बताई गई है। बाकी 5-6 कांवड़ियों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

ग्रामीणों के अनुसार, कुलदीप राज मिस्त्री थे और 4 बच्चों के पिता थे  3 बेटियां और 1 बेटा। बच्चों की उम्र 8 से 14 साल है। वहीं, हरीश की पेस्टिसाइड की दुकान थी और वह भी 3 बच्चों के पिता थे। 

जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए यमुनानगर सिविल अस्पताल लाए गए हैं। परिजन अस्पताल पहुंच चुके हैं और मामले की जांच जारी है।