September 16, 2026

के.एल. महता के जन्म दिवस पर विद्यार्थी अवार्ड दिवस मनाया बड़े उत्साह से

Faridabad/Alive News : के.एल. महता महिला महाविद्यालय के सभागार में महर्षि दयानंद शिक्षण संस्थान के संस्थापक एवं अध्यक्ष महात्मा स्वर्गीय कन्हैयालाल महता का जन्मदिवस एवं विद्यार्थी अवार्ड दिवस बड़े उत्साह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञ-हवन से किया गया। तत्पश्चात दीप-प्रज्वलन के साथ सरस्वती गायन हुआ। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष आनंद महता ने बड़खल से विधायक सीमा त्रिखा, पूर्व मंत्री ए.सी चौधरी व अतिथिगण का स्वागत फुल गुच्छ देकर किया। 

कार्यक्रम में विभिन्न के.एल. महता विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रोत्साहन स्वरूप सीबीएसई एवं हरियाणा बोर्ड के सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को परितोष वितरण किया गया।कार्यक्रम में आर्य केंद्रीय सभा के सदस्यों सरोज गुंबर, राज करणी अरोड़ा, आशा पंडित, प्रकाश वटी, राज कुमारी टुटेजा, उषा चितकारा, प्रेम बहल, स्वदेश सत्यार्थी (मरणोपरांत), को भी आर्य समाज की सेवा के लिए स्मृति चिन्ह भेंट स्वरूप प्रदान किए गए। 

संस्थान के गणमान्य सदस्यों ने अपने विचारों के द्वारा महात्मा स्वर्गीय के.एल. महता को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के अंत में महर्षि दयानंद शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष आनंद महता ने सभी अतिथियों एवं गणमान्य सदस्यों का आभार
व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण से हुआ।