April 24, 2024

जेजेपी ने अपने संगठन में किया विस्तार, 11 पदाधिकारी नियुक्त

Chandigarh/Alive News: जननायक जनता पार्टी ने अपने संगठन में विस्तार करते हुए राष्ट्रीय, प्रदेश व हलका स्तर पर कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की है। जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने विचार-विमर्श के बाद 11 पदाधिकारियों की नियुक्तियों की सूची जारी की।

जेजेपी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्य मंत्री अनूप धानक को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी हैं। वहीं जुलाना से पार्टी के विधायक अमरजीत ढांडा को किसान प्रकोष्ठ और दादरी से पूर्व विधायक एवं हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन राजदीप फौगाट को खेल प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाया हैं।

जेजेपी राष्ट्रीय सचिव के पद पर जींद निवासी ईश्वर उझानियां, भिवानी निवासी बलदेव घणघस, हिसार निवासी हरफूल खान भट्टी और फरीदाबाद निवासी कृष्ण जाखड़ को नियुक्त किया है। वहीं पलवल निवासी भूदेव शर्मा और राजस्थान से भादरा निवासी एडवोकेट अदरीश खान राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य होंगे।

इनके अलावा पार्टी द्वारा हलका स्तर की नियुक्तियों में नारायणगढ़ हलके में एडवोकेट हरविलास सिंह को ग्रामीण हलका अध्यक्ष व पलवल में भगत सिंह घुघेरा को हलका प्रधान की जिम्मेदारी सौंपी है।