Faridabad/Alive News: सेक्टर-21 बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में शनिवार ‘कल्पनाओं की उड़ान’ नामक विशेष कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के कई प्ले स्कूलों के नन्हे-मुन्ने बच्चे और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में मनोरंजन, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का सुंदर मिश्रण देखने को मिला।
चिल्ड्रन डे के अवसर को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों की खुशियों, ऊर्जा और उत्साह ने दिन को और भी खास बना दिया। बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस मौके पर विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव और विभिन्न प्ले स्कूलों के प्रिंसिपल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नटराज प्ले स्कूल, जी.एम.बी. प्ले स्कूल, स्वीट एंजेल प्ले स्कूल, स्प्रिंग फील्ड एलेमेंट्री प्ले स्कूल, खुशी प्ले स्कूल और लिटिल हैंड्स प्ले स्कूल ने हिस्सा लिया।
‘कल्पनाओं की उड़ान’ का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता और प्रतिभा को खुलकर सामने लाना था, ताकि उनका आत्मविश्वास बढ़े और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहन मिल सके। जीवा पब्लिक स्कूल हमेशा बच्चों के समग्र विकास के लिए प्रेरक और नई गतिविधियों का आयोजन करता रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रंग-बिरंगी टॉय ट्रेन रही, जिसमें बैठकर बच्चों ने खूब आनंद लिया। इसके अलावा विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल और रोचक साइंटिफिक गतिविधियों ने बच्चों की जिज्ञासा को और बढ़ाया। साथ ही कई अन्य मजेदार व सीखने वाली गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
स्ट्रैटेजिक प्रोजेक्ट हेड जयवीर सिंह ने अभिभावकों को सकारात्मक पेरेंटिंग के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को सही दिशा देना जरूरी है। उन्होंने डिजिटल लत, अभिभावक के व्यवहार और परिवार के साथ समय बिताने के महत्व पर भी जोर दिया।
विद्यालय अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने अभिभावकों से कहा कि बच्चों की रुचियों और प्रकृति को समझना जरूरी है, क्योंकि यही उनके बेहतर भविष्य की नींव है। उन्होंने जीवा लर्निंग सिस्टम और एनईपी आधारित शिक्षा पद्धति के बारे में जानकारी साझा की।

