May 19, 2024

एक्सीडेंट में घायल जेई ने आज जन्मदिन के दिन ही तोड़ा दम

Faridabad/Alive News : दो दिन पहले नगर निगम का जेई अपने परिवार के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर बालाजी दर्शन के लिए जा रहे थे, जब वह दिल्ली-मुम्बई हाईवे पर पहुंचे तो अचानक एक ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी, टक्कर लगने से स्कॉर्पियो में सवार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्कॉर्पियो चला रहे नगर निगम के जेई योगेश चौधरी की इलाज के दौरान आज रविवार की सुबह मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बी के अस्पताल भिजवा दिया। जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक नगर निगम का जेई मृतक योगेश बीते शुक्रवार की रात अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर बालाजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। जब वह दिल्ली-मुम्बई हाईवे पर राजस्थान के दौसा के पास पहुंचे तो अचानक एक ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद सभी घायलों को फरीदाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उस दौरान चिकित्सकों ने योगेश के परिजन को बताया कि उनके पैर में नॉर्मल फ्रेचर है लेकिन शनिवार की दोपहर को चिकित्सकों ने कहा कि योगेश के पैर का ऑपरेशन करना होगा। परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर सही तरीके से उसकी बीमारी को डायग्नोज नहीं कर पाए, इलाज में लापरवाही के कारण योगेश की मृत्यु हुई। परिजनों का कहना था कि योगेश की मृत्यु होने के बाद भी उसके शव को 6 घंटे तक परिजनों को नहीं सौंपा गया।

नगर निगम के सुपरीटेंडेंट इंजीनियर ओमवीर ने बताया कि इलाज में देरी न होती तो आज योगेश ज़िंदा होते। उन्होंने बताया कि आज रविवार को योगेश का जन्मदिन भी है।