April 20, 2024

जे.सी. बोस विश्वविद्यालय में दो दिवसीय ऑनलाइन साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन

Faridabad/Alive News : जे.सी. बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के साहित्य और भाषा विभाग द्वारा ‘पॉलीफोनी’ नामक दो दिवसीय ऑनलाइन साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन आज यहां कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में दुनिया भर के विश्वविद्यालयों से शिक्षक और विद्यार्थी हिस्सा ले रहे है, जिसमें पहले दिन 150 से अधिक प्रतिभागियों की प्रतिभागिता रही।
उद्घाटन सत्र में कुलसचिव डॉ. एस. के. गर्ग और लिबरल आर्टस एवं मीडिया स्टडीज के डीन प्रो. अतुल मिश्रा भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ दिव्यज्योति सिंह और आयोजन सचिव ममता बंसल द्वारा किया गया।

पहले दिन का ‘रीविजिटिंग शेक्सपियर’ के शीर्षक पर इवेंट का आयोजन किया गय।, जिसमें शेक्सपियर एसोसिएशन (इंडिया) के अध्यक्ष प्रो. भीम सिंह दहिया द्वारा मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने शेक्सपियर की बौद्धिक पृष्ठभूमि पर चर्चा की और उनकी नाटकीयता में दिखाई देने वाली लैंगिक भूमिकाओं पर बल दिया। उन्होंने शिक्षार्थियों को शेक्सपियर के पात्रों में विविधता और महिलाओं की मानसिक और सांस्कृतिक श्रेष्ठता को समझने में मदद की। उन्होंने कहा कि शेक्सपियर की एक सच्चे कलाकार की तरह एक ईश्वरीय दृष्टि थी और वह सबसे महान साहित्यकार थे। उन्होंने कहा कि शेक्सपियर का हेमलेट अभी भी सबसे आकर्षक नाटकों में से एक है। उन्होंने उपनिवेशवाद की निहित आलोचना के बारे में भी बात की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय मानविकी और साहित्य को बढ़ावा देने के प्रति सतर्क है और इस दिशा में भी काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल साहित्य और भाषा विभाग के लिए नहीं अपितु सभी के लिए महत्वपूर्ण हैं और विश्वविद्यालय के साहित्य और भाषा विभाग को इस दिशा में उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने पर बल देना चाहिए।

इससे पहले प्रो. अतुल मिश्रा ने मुख्य वक्ता का स्वागत किया और कहा कि साहित्य विभाग अनुसंधान और पाठ्यक्रम विकास में लगातार योगदान दे रहा है। डॉ दिव्यज्योति सिंह ने दो दिवसीय कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी तथा कहा कि विभाग का प्रयास छात्र-केंद्रित कार्यक्रम विकसित करने का है।

डॉ. एस.के. गर्ग ने उल्लेख किया कि साहित्य जीवन का अभिन्न अंग है और जीवन की पूर्ति के लिए पढ़ना और नाटक बहुत महत्वपूर्ण हैं। इस कार्यक्रम में विजुअल क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें शेक्सपियर की पसंदीदा पंक्तियों के चुनिंदा वीडियो प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत किए गए थे। इस प्रतियोगिता में जेसी बोस विश्वविद्यालय कीएमए अंग्रेजी के अंतिम वर्ष की छात्रा व्योमी सिंह विजेता रही। सत्र का समापन पर ओन्ड्रिला दास ने प्रतिभागियों का धन्यवाद किया।