New Delhi/Alive News: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली 15 वर्षीय लड़की ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लड़की हाथ जोड़कर कहती नजर आ रही है कि वह अपनी गलती के लिए शर्मिंदा है और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगी।
लड़की ने कहा, “मैं सिर्फ 15 साल की हूं। यह मेरी पहली और आखिरी गलती थी। मैं अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस घूमने गई थी। वहां छात्र प्रदर्शन चल रहा था और कुछ लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगा रहे थे। मैं भीड़ और माहौल के बहकावे में आ गई।”
इस मामले में 30 जुलाई को नोएडा में लड़की के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री ने लड़की को माफ कर दिया है, तो क्या सरकार उसके खिलाफ दर्ज केस भी वापस लेगी।
शुक्रवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर कुछ बच्चों ने उन्हें और उनकी मां को अपशब्द कहे थे, लेकिन बचपन में गलतियां हो जाती हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बचपन गलतियों को सुधारने का समय होता है। उन्होंने कहा कि ये बच्चे गुमराह हो गए हैं और उन्हें सही रास्ता दिखाने की जरूरत है। इसलिए वह उन्हें माफ करना चाहते हैं।
यह पिछले नौ दिनों में प्रधानमंत्री मोदी का पांचवां वीडियो संदेश है। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए इस वीडियो को जारी होने के कुछ ही समय में लाखों लोगों ने देखा और पसंद किया।

