March 10, 2026

जे.सी. बोस यूनिवर्सिटी की फर्जी वेबसाइट बनाने वाला दूसरा आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ ने जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (वाईएमसीए), फरीदाबाद की नकली वेबसाइट बनाने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में साल 2024 में शिकायत मिली थी कि किसी ने यूनिवर्सिटी की फर्जी वेबसाइट बनाई है, जिसका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। इस शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में केस दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने अनिल, निवासी नगुरा गांव (जिला जींद, हरियाणा), को गिरफ्तार किया है। जानकारी मिली थी कि अनिल यूके चला गया है, जिस पर उसका लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया। जैसे ही वह 21 जुलाई को भारत लौटा, पुलिस ने उसे दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पता चला कि अनिल अपने साथी सुशील के साथ मिलकर फर्जी डिग्रियां बनाता था। लोगों को असली डिग्री का भ्रम देने के लिए उन्होंने यूनिवर्सिटी जैसी दिखने वाली एक नकली वेबसाइट बनाई थी, ताकि जब कोई उस डिग्री की जांच करता तो उसे वेबसाइट पर फर्जी जानकारी सही लगती।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। इस मामले में उसका साथी सुशील पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।