June 13, 2026

वार्ड स्तर पर बाल सुरक्षा तंत्र मजबूत करना जरूरी: प्रवीण जोशी

Faridabad/Alive News: बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और समग्र विकास के लिए वार्ड स्तर पर मजबूत तंत्र स्थापित करना जरूरी है। यह बात नगर निगम फरीदाबाद के मेयर प्रवीण जोशी ने बाल भवन एनआईटी में आयोजित वार्ड लेवल चाइल्ड वेलफेयर एंड प्रोटेक्शन कमेटी की बैठक में कही।

जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नव सृष्टि संस्था के सहयोग से आयोजित बैठक में मिशन वात्सल्य के तहत वार्ड स्तर पर समितियों के गठन पर चर्चा की गई। मेयर ने कहा कि ये समितियां बाल श्रम, बाल विवाह, शोषण, उपेक्षा जैसी समस्याओं की पहचान और समाधान में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने वार्ड में शीघ्र समिति गठित करने का आग्रह किया।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी गरिमा सिंह तोमर ने समिति के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जागरूकता अभियान, स्कूल से वंचित बच्चों का नामांकन, जरूरतमंद बच्चों को स्पॉन्सरशिप से जोड़ना, लापता व तस्करी के शिकार बच्चों को सुरक्षा देना इसके प्रमुख कार्य होंगे। नव सृष्टि संस्था की निदेशक रीना बनर्जी ने समिति की संरचना व बजट की जानकारी दी।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी, बाल कल्याण समिति के चेयरपर्सन संतोष वत्स, पुलिस, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग व विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।