September 16, 2026

व्हाट्सएप ग्रुप से बिछाया निवेश का जाल, ठगे 7.25 लाख

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी करने के मामले में एक आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप पर ग्रुप में जोड़ा फिर उसे निवेश का लालच देकर 7.25 लाख रुपये अलग-अलग खातों में मंगवाए।

सेक्टर-19 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी जिसमें उसने बताया कि “182-स्टॉक मार्केट वेल्थ क्रिएशन ग्रुप” नाम के एक ग्रुप में जोड़ा गया। वहां शेयर और ट्रेडिंग से जुड़ी जानकारियां दी जा रही थीं। ग्रुप के लोगों ने उसे लालच देकर निवेश करने को कहा।

शिकायतकर्ता ने उनके कहने पर 7,25,000 रुपये अलग-अलग खातों में भेज दिए। बाद में जब पैसे डूब गए तो उसने ठगी की शिकायत साइबर थाना सेंट्रल में की।

पुलिस जांच में सामने आया कि पीरु नामक युवक उम्र 20 साल, निवासी किशनपुरा गांव, जिला झालावाड़ (राजस्थान) उस खाते का मालिक था जिसमें ठगी की रकम भेजी गई थी। पूछताछ में पीरु ने बताया कि उसने अपना बैंक खाता विजेंद्र और तालुराम नाम के लोगों को इस्तेमाल के लिए दिया था। पीरु केवल 5वीं पास है और मजदूरी करता है।

उसके खाते में ठगी के करीब 5 लाख रुपये आए थे। इस मामले में विजेंद्र, तालुराम और भवानी शंकर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने पीरु को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।