Faridabad/Alive News : योग दिवस पर डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल में प्रिंसीपल नितिन वर्मा के मार्गदर्शन में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को योग के महत्व से अवगत कराना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल प्रांगण में सामूहिक प्रार्थना और सूर्य नमस्कार से हुआ। इसके पश्चात प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों ने योग के आसन ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, प्राणायाम आदि का प्रदर्शन किया तथा उनके लाभ को सरल भाषा में समझाया।
इस अवसर पर नितिन वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा “योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य, बल्कि मानसिक और आत्मिक शांति का भी माध्यम है। यदि हम प्रतिदिन कुछ समय योग को दें, तो जीवन में संतुलन, एकाग्रता और सकारात्मकता बनी रहती है।”
कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुछ विद्यार्थियों ने योग पर लघु भाषण भी प्रस्तुत किए, जिसमें उन्होंने योग के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक पक्षों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से योग का अभ्यास करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
डायनेस्टी परिवार ने इस दिन को न केवल एक आयोजन के रूप में बल्कि जीवन में योग को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में मनाया।
“योग से सहयोग की ओर और सहयोग से समृद्धि की ओर” – इस भाव को साकार करते हुए विद्यालय ने स्वास्थ्य और संतुलन की ओर कदम बढ़ाया।

