May 21, 2024

कुरुक्षेत्र में 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक होगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन, नेपाल कंट्री पार्टनर के रूप में होगा शामिल

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान हरियाणा रोडवेज की बसों के किराए में 50 फीसदी छूट देने का सरकार ने फैसला किया है। 18 दिनों तक सूबे के 10 जिलों के लोगों को इसका फायदा मिलेगा। हरियाणा सरकार ने इंटरनेशनल गीता जयंती महोत्सव को देखते हुए यह फैसला किया है। महोत्सव में 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक यह छूट जारी रहेगी।

इन जिलों के यात्रियों को मिलेगी छूट
सरकार के इस फैसले का लाभ कुरुक्षेत्र के लगते 10 जिलों के लोगों काे मिलेगा। इनमें कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, जींद, कैथल, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, सोनीपत और रोहतक जिले शामिल हैं। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने बताया कि पहले पांच जिलों को शामिल किया गया था, जिसको बढ़ाकर दस कर दिया गया है।

राष्ट्रपति करेंगी शुभारंभ
हरियाणा इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के सातवें संस्करण की तैयारियों में जुट गया है। इस बार देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महोत्सव का शुभारंभ करेंगी। 4 दिसंबर को 18 हजार छात्र सामूहिक श्रीमद् भागवत गीता का पाठ करेंगे। 75 हजार विद्यार्थी और लाखों श्रद्धालु महोत्सव में ऑनलाइन जुड़ेंगे।

अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान ब्रह्मसरोवर पर 19 नवंबर से शिल्प एवं सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। साथ ही केडीबी और हरियाणा सरकार के देखरेख में यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संत मुरारी बापू राम कथा का आयोजन करेंगे।

नेपाल बना कंट्री पार्टनर
सीएम मनोहर ने बताया कि इस महोत्सव में कंट्री पार्टनर के रूप में नेपाल को पार्टनर स्टेट कंट्री के रूप में शामिल किया गया है। मध्य प्रदेश प्रतिभाग करेगा। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक भजन संध्या में भव्य संगीत आरती होंगी। 1 नवंबर से ऑनलाइन गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता की जाएगी।