Faridabad/Alive News: केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के आयुक्त विकास गुप्ता ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खंदावली तथा जवाहर नवोदय विद्यालय, मोठूका का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला परिषद की सीईओ शिखा भी मौजूद रहीं।
निरीक्षण का उद्देश्य प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण और शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन करना था।
खंदावली विद्यालय में जीव विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन
खंदावली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयुक्त विकास गुप्ता ने नवनिर्मित जीव विज्ञान प्रयोगशाला का रिबन काटकर उद्घाटन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित लेप (LEP) कार्यक्रम, शिक्षक प्रशिक्षण गतिविधियों तथा एनएसक्यूएफ (NSQF) शिक्षा की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षकों द्वारा अपनाई जा रही नवाचारी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण-पद्धतियों की सराहना की।
आयुक्त ने शिक्षकों को निरंतर प्रशिक्षण और अद्यतन ज्ञान के माध्यम से विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने का संदेश दिया। कक्षा-कक्षों के भ्रमण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं को प्रोत्साहित किया तथा अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य-निष्ठा का महत्व बताया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की प्रस्तुति दी।
मोठूका नवोदय विद्यालय में तकनीकी सुदृढ़ीकरण पर जोर
मोठूका स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। विद्यालय के प्राचार्य अनिल यादव ने बताया कि योजना के तीन वर्षों के प्रभावी क्रियान्वयन से विद्यालय में व्यापक एवं सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि शैक्षणिक, भौतिक एवं तकनीकी संसाधनों में 360 डिग्री सुधार सुनिश्चित हुआ है। विद्यालय में कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए आधुनिक डिजिटल लैब्स विकसित की गई हैं। प्रत्येक कक्षा में 65 इंच की स्मार्ट डिजिटल स्क्रीन स्थापित है तथा पूरा परिसर वाई-फाई युक्त बनाया गया है। इसके अतिरिक्त डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा भी उपलब्ध है।
पीएम श्री योजना के अंतर्गत कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान किए गए हैं। विद्यालय में अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना से विद्यार्थियों में नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही, छात्राओं के लिए नियमित रूप से सेल्फ-डिफेंस कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा-बोध सुदृढ़ हुआ है।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला, डिप्टी डीईओ संदेश सोलंकी, सीएमजीजीए देव वत्स एवं शारिका सहित अनेक अध्यापकगण उपस्थित रहे।

