New Delhi/Alive News: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने यात्रियों को झटका देते हुए फ्लाइट टिकट पर फ्यूल चार्ज बढ़ाने का फैसला किया है। नई दरें 6 अक्टूबर 2026 की रात 12:01 बजे से लागू होंगी। इसके बाद घरेलू उड़ानों में यात्रियों को अधिकतम ₹1,300 और इंटरनेशनल फ्लाइट्स में ₹10,000 तक अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है।
इंडिगो ने पिछले छह महीनों में तीसरी बार फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया है। इससे पहले एयरलाइन ने मार्च और अप्रैल में भी फ्यूल चार्ज में बढ़ोतरी की थी। कंपनी के मुताबिक, यह फैसला एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों के कारण लिया गया है।
ATF की कीमत में बड़ी बढ़ोतरी
1 अक्टूबर 2026 से घरेलू एयरलाइंस के लिए ATF की कीमत में करीब ₹16 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। कीमत ₹121 से बढ़कर करीब ₹137 प्रति लीटर हो गई। यानी एक महीने में जेट फ्यूल की कीमत में लगभग 13 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।
पिछले तीन महीनों में भी ATF की कीमत लगातार बढ़ी है। अगस्त में इसमें ₹5 प्रति लीटर, सितंबर में ₹6.28 प्रति लीटर और अक्टूबर में ₹16 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इंडिगो के अनुसार, पिछले एक महीने में जेट फ्यूल की कीमत 14 फीसदी से ज्यादा बढ़ी है। इससे एयरलाइंस की परिचालन लागत पर सीधा असर पड़ रहा है।
एयरलाइंस के लिए सबसे बड़ा खर्च है जेट फ्यूल
जेट फ्यूल एयरलाइंस के कुल ऑपरेटिंग खर्च का बड़ा हिस्सा होता है। इसकी कीमत बढ़ने से विमान कंपनियों की लागत बढ़ जाती है, जिसका असर टिकट की कीमतों पर पड़ता है।
ATF की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी के कारण दुनियाभर की कई एयरलाइंस ने अपने खर्च और वित्तीय अनुमानों की समीक्षा की है। एयर न्यूजीलैंड और क्वांटास जैसी कंपनियों ने भी बढ़ी हुई ईंधन लागत का असर यात्रियों पर पड़ने की बात कही है।
इंडिगो के नए फ्यूल चार्ज से आने वाले दिनों में हवाई यात्रा और महंगी हो सकती है। खासकर लंबी दूरी और इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर यात्रियों को पहले की तुलना में ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा।

