March 7, 2026

फरीदाबाद में कारोबारी के घर इनकम टैक्स की रेड, दिनभर खंगाले गए दस्तावेज

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र की ग्रीन फील्ड कॉलोनी में मंगलवार सुबह इनकम टैक्सकी टीम ने एक कारोबारी के घर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई मरचेंट बैंकिंग और स्टॉक एक्सचेंज से जुड़े ऑनलाइन कारोबार की जांच के तहत की गई।

सुबह करीब 9 बजे अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मकान की पहली मंजिल पर जांच शुरू की। अधिकारियों ने बैंक खातों, निवेश से जुड़े रिकॉर्ड और लेन-देन के दस्तावेजों की गहन जांच की। इसके अलावा कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जांच के दायरे में लिए गए।

कार्रवाई के दौरान घर में मौजूद लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और किसी को भी बिना अनुमति बाहर जाने नहीं दिया गया। रेड की खबर फैलते ही कॉलोनी में हलचल मच गई और आसपास के लोग घर के बाहर एकत्रित हो गए।

सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई वित्तीय लेन-देन से जुड़े मामलों की जांच का हिस्सा है। हालांकि विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि छापेमारी में क्या तथ्य सामने आए और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।