April 26, 2024

इंसाफ के नाम पर पंचायत ने सुनाया ये हैरतअंगेज फैसला

Lucknow/Alive News : यूपी के हयातनगर स्थित संभल गांव की पंचायत ने दुष्कर्म पीड़ित महिला को इंसाफ देने के नाम पर एक हैरतअंगेज फैसला सुनाया है। पंचायत ने आरोपी पक्ष का बचाव करते हुए पीड़िता की आबरू का बदले 75 गज जमीन और चार लाख रुपये नकद देने का फरमान सुनाया है।

दरअसल, पांच दिन पहले विवाहिता ने अपने ससुर पर दुष्कर्म करने और पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया था। जिसके बाद पंचायत ने सम्बंधित मामले में पीड़िता को 75 गज जमीन मकान बनाने के लिए और चार लाख रुपये नकद देने की बात कहकर दोनों पक्षों के बीच फैसला करा दिया। इसके बाद पति-पत्नी का रिश्ता भी खत्म हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार हयातनगर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने गुरुवार को पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया था कि उसके ससुर ने उसके साथ सात जून की रात को दुष्कर्म किया था। जब घटना की जानकारी पति को दी तो उसने तीन तलाक दे दिया।

विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर जान से मारने व अन्य कई आरोप लगाए है। पीड़ित महिला ने पुलिस से संबन्धित मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई थी। मामले की जानकारी पंचायत को मिलते ही दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के प्रयास होने लगे। इसी क्रम में शनिवार को पंचायत हुई। जिसमें पंचायत ने तय किया कि विवाहिता को 75 गज जमीन मकान बनाने के लिए और चार लाख रुपये की नकदी दी जाए।

मिली जानकारी के मुताबिक पंचायत में पीड़िता को डेढ़ लाख रुपये दे दिए गए। बाकी ढ़ाई लाख रुपये बाद में दिए जाने की बात तय हुई है। इस फरमान के साथ ही पति-पत्नी का रिश्ता भी समाप्त हो गया। अब महिला का पति से पंचायती फरमान के अनुसार कोई वास्ता नहीं है।

हालांकि, पंचायत द्वारा कराए गए समझोतानामा की एक कॉपी पुलिस को दे दी गयी है। मिली जानकारी के अनुसार संबंधित मामले में जांच कर रहे हयातनगर थाने के उप निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि विवाहिता के द्वारा लिखित में दी गई थी। उसकी जांच चल रही थी। अब दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। विवाहिता की ओर से लिखित में समझौता होने की जानकारी दी गई है।