March 7, 2026

फरीदाबाद में वैन में महिला से गैंगरेप, 2 आरोपी हिरासत में; लिफ्ट देकर 3 घंटे घुमाया, फिर सड़क पर फेंका

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में एक 28 वर्षीय महिला के साथ इको वैन में गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने महिला को लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाया, करीब तीन घंटे तक शहर की सड़कों पर घुमाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपियों ने महिला को चलती गाड़ी से सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए।

घटना में महिला के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसके चेहरे पर करीब 10 से 12 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन वह मानसिक रूप से गहरे सदमे में है।

मामला फरीदाबाद के कल्याणपुरी इलाके का बताया जा रहा है। पीड़िता की बहन के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:30 बजे महिला ने घर से निकलते समय कहा था कि उसकी मां से कहासुनी हो गई है और वह दोस्त के घर जा रही है। उसने कहा था कि वह दो-तीन घंटे में लौट आएगी।

बहन ने बताया कि रात करीब 12 बजे जब महिला दो नंबर चौक से कल्याणपुरी की ओर जाने के लिए सवारी ढूंढ रही थी, तभी एक इको वैन में सवार दो युवकों ने उसे लिफ्ट दी। इसके बाद वे उसे कल्याणपुरी की बजाय गुरुग्राम रोड की ओर ले गए और सुनसान इलाकों में वैन घुमाते रहे। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब 3 बजे SGM नगर के राजा चौक स्थित मूल्ला होटल के पास आरोपियों ने महिला को चलती वैन से सड़क पर फेंक दिया। गिरने से महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ हो गई।

सुबह करीब 3:30 बजे महिला ने अपनी बहन को कई बार फोन कर घटना की जानकारी दी। बहन मौके पर पहुंची तो देखा कि महिला के कपड़े फटे हुए थे और वह बुरी तरह रो रही थी। पहले उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर किया। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़िता शादीशुदा है और तीन बच्चों की मां है। वह अपने पति से अलग रहकर मां के साथ रहती है और एक निजी कंपनी में काम करती है।

थाना कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की बहन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई वैन भी बरामद कर ली गई है। थाना प्रभारी श्री भगवान ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।