March 7, 2026

फरीदाबाद में क्रेटा ने स्विफ्ट डिजायर को मारी टक्कर, खाटू श्याम से लौट रहे दंपती सुरक्षित

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले के सेक्टर 12-15 डिवाइडिंग रोड पर बुधवार को एक सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रही क्रेटा कार ने स्विफ्ट डिजायर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद क्रेटा कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि क्रेटा चला रहे ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई थी, जिस कारण यह हादसा हुआ।

हादसे में शामिल स्विफ्ट डिजायर के चालक जय प्रकाश ने बताया कि वह अपनी कार से बाईपास की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह सेक्टर 12-15 के डिवाइडिंग रोड पर पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही क्रेटा कार ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही क्रेटा बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई।

जय प्रकाश के अनुसार, क्रेटा कार में एक पति-पत्नी सवार थे, जो राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। लंबी दूरी की यात्रा और लगातार ड्राइविंग के कारण ड्राइवर को अचानक नींद आ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया। हादसे में दोनों वाहनों में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई।

हालांकि दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन डिवाइडर से टकराने के कारण क्रेटा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, स्विफ्ट डिजायर को भी पीछे से नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।